कोलंबो. रोहित शर्मा की कप्तानी में टीम इंडिया निदाहास ट्रॉफी टी-20 ट्राई सीरीज के पहले मुकाबले में मंगलवार को श्रीलंका के खिलाफ उतरेगी। भारत अगर यह मैच जीतता है तो श्रीलंका की टीम भारत के खिलाफ इस फॉर्मेट में सबसे ज्यादा मैच हारने वाली टीम बन जाएगी। अभी तक भारत ने ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका दोनों को 10-10 बार हराया है। इस मैच में हारी तो श्रीलंका की टीम इस लिस्ट में टॉप पर पहुंच जाएगी। इस सीरीज में तीसरी टीम बांग्लादेश है।
दिग्गज खिलाड़ियों के बिना उतरेगी टीम इंडिया
– सीरीज के लिए कप्तान विराट कोहली और महेंद्र सिंह धोनी समेत प्रमुख खिलाड़ियों को आराम दिया गया है।
– रोहित कप्तान हैं, जबकि शिखर धवन उपकप्तान होंगे। ऐसे में विकेटकीपर रिषभ पंत, ऑलराउंडर विजय शंकर और वॉशिंगटन सुंदर, बैट्समैन दीपक हुडा और फास्ट बॉलर मोहम्मद सिराज के पास सीरीज में खुद को साबित करने का मौका रहेगा। इसके अलावा करीब एक साल बाद टीम में लौट रहे और साउथ अफ्रीका के खिलाफ टी-20 सीरीज का हिस्सा रहे सुरेश रैना पर भी सबकी निगाहें रहेंगी।
इन पांच देशों के खिलाफ सबसे ज्यादा जीत
खिलाफ | मैच | जीत | हार | टाई |
ऑस्ट्रेलिया | 15 | 10 | 5 | 0 |
श्रीलंका | 14 | 10 | 4 | 0 |
साउथ अफ्रीका | 13 | 8 | 5 | 0 |
पाकिस्तान | 8 | 6 | 1 | 1 |
बांग्लोदश | 5 | 5 | 0 | 0 |
श्रीलंका में श्रीलंका से नहीं हारा है भारत
– भारतीय टीम टी- 20 क्रिकेट में कभी श्रीलंका के खिलाफ श्रीलंका में कोई मैच नहीं हारी है।
– भारत ने आर प्रेमदासा स्टेडियम में श्रीलंका के खिलाफ सितंबर 2017 को आखिरी टी-20 खेला था, जिसमें उसने 4 बॉल बाकी रहते 7 विकेट से जीत हासिल की थी। भारत ने इस मैदान पर अब तक छह टी-20 जीते हैं।
पिछले साल किया था क्लीन स्वीप
– भारत ने जब पिछले साल श्रीलंका का दौरा किया था तब तीनों टेस्ट, पांचों वनडे और एकमात्र टी-20 मैच जीता था।
– इसके बाद श्रीलंका ने जब पिछले साल के आखिर में नवंबर-दिसंबर में भारत का दौरा किया था तब भी उसे तीनों फॉर्मेट की सीरीज में हार का सामना करना पड़ा था।