रूपनगर ( पियूष ) गुलजार सिंह राणिके तो अभी एक शुरूआत है। घोटालों की श्रृंखला में भ्रष्ट मंत्रियों की एक लंबी कतार है। पंजाब सरकार के एक दर्जन के करीब मंत्री विभिन्न घोटालों में शामिल हैं। एक-एक करके इन सभी सलाखों के पीछे जाना होगा। यह कहना है आनंदपुर साहिब लोकसभा क्षेत्र के सांसद रवनीत सिंह बिंट्टू का। बिंट्टू ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि केंद्र के फंड में पंजाब सरकार के विभिन्न मंत्रियों ने महाघोटाला किया है। उन्होंने बताया कि वह आरटीआई के माध्यम से विभिन्न घोटालों की सूचना एकत्रित कर रहे हैं। इस मुद्दे को संसद में भी उठाया जाएगा। उनके अनुसार मंत्रियों ने बाढ़ राहत कोष, इंदिरा आवास योजना, अंत्योदय योजना, नेशनल हार्टीकल्चर योजना आदि की राशि में हेराफेरी की है। जिसका खामियाजा प्रत्येक को भुगतना होगा। इन्होंने जानकारी दी कि आनेवाले दिनों में कांग्रेस पार्टी माइनिंग को लेकर संघर्ष करने जा रही है। माइनिंग की वजह से लोगों को बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
यह भी कहा कि राज्य सरकार एफडीआई मामले में राज्य की जनता को गुमराह कर रही है। इन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार जब देश में कंप्यूटर लेकर आई या परमाणु समझौता किया विपक्षी दल इसी तरह से बेतुका बयानबाजी करते रहे हैं। बाद यही देश के विकास के लिए नींव का पत्थर साबित हो रहा है। उन्होंने कहा कि इससे किसानों को बड़ा फायदा मिलने वाला है। इससे बिचौलिये की भूमिका पूरी तरह से खत्म हो जाएगी। इस मौके पर इनके साथ विधायक मुहम्मद सदीक, जिला कांग्रेस के प्रधान सुखविंदर सिंह आदि थे।
