
सच्ची आहुति – डॉ अनुपमा वर्मा ‘हेमा ‘
https://www.hamarivani.in/2026/05/blog-post_667.html
.
आहुति या करुणा
किसे चढ़ाओगे वेदी पर,
जब हर प्राणी में प्राण बसे हैं,
जिस धरती ने जीवन बाँटा,
उसके भी कुछ अरमान बसे हैं।
मंदिर, मस्जिद, गिरजा, गुरुद्वारे,
सब प्रेम का पाठ पढ़ाते हैं,
फिर क्यों निर्दोष जीवों के
अश्रु चुपचाप बह जाते हैं?
कहते हो यह आस्था है,
यह पूजा, यज्ञ, बलिदान है,
पर क्या सच में ईश्वर को
किसी जीव की ही जान है?
त्याग अगर करना ही है तो
अहंकार की बलि दे डालो,
मन के भीतर बैठे क्रोध को
करुणा की अग्नि में जला डालो।
सच्ची आहुति वही बनेगी
जो मानवता को जीवित रखे,
जिससे किसी निरीह हृदय में
पीड़ा का काँटा ना चुभे।
ईद हो या कोई हवन,
संदेश सभी का एक रहे —
प्रेम, दया और त्याग से ही
मानव का अस्तित्व बचे।
चलो आज यह प्रण कर लें,
हर जीवन का मान करेंगे,
धरती के हर छोटे जीव को
अपने जैसा प्राण कहेंगे।
बलिदान वही सबसे ऊँचा
जो स्वार्थ का अंत करा दे,
और करुणा की एक किरण
हर दिल में उजियारा दे।
डॉ अनुपमा वर्मा ‘हेमा ‘
पंजाब
#HamariVani #हमारीवाणी #SaraSach #सारासच #writer #लेखक #Kavita #कविता #Sahitye #साहित्य #Poetry #काव्य
