राष्ट्रीय

अमन नाम है मेरा…अमन चोपड़ा / खुशदीप सहगल

शेयर करें:
अमन नाम है मेरा…अमन चोपड़ा / खुशदीप सहगल
https://www.hamarivani.in/2026/08/blog-post_12.html
कुछ पत्रकार जो विरोध के डर से 15 किलोमीटर दूर जंतर-मंतर पर घुसने की हिम्मत नहीं कर सके, वो 1,200 किलोमीटर दूर रांची में रौला-रप्पा मचाए हुए हैं. ऐसे ही एक पत्रकार का नाम है अमन  चोपड़ा. ये जनाब एंकर तो न्यूज़ 18 के हैं लेकिन इन दिनों TAP (द अमन पॉडकास्ट) नाम से अपना यूट्यूब चैनल भी चला रहे हैं. रांची में ये सारी धमाचौकड़ी TAP के नाम पर ही मचा रहे हैं. अब पता नहीं न्यूज़ 18 चैनल ने इन्हें सेवामुक्त कर दिया है या नहीं? चैनल में काम करते अमूमन इस तरह ख़ुद के प्लेटफॉर्म पर काम करने की इजाज़त नहीं होती…
अमन चोपड़ा ने TAP शुरू किया तो पहले पॉडकास्ट में ही कंट्रोवर्सी क्रिएट करने के लिए शंकाराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद से भिड़ंत कर डाली. उनके लिए ‘अविमुक्तेश्वरूद्दीन’ शब्द का इस्तेमाल किया…
रांची में छात्रों को बांटने वाला खेल शुरू किया तो एक स्थानीय नागरिक ने अमन चोपड़ा को जमकर लताड़ लगाई. अमन चोपड़ा ने छात्रों को आदिवासी और ग़ैर आदिवासी में बांटने का कुत्सित प्रयास किया तो उस शख़्स ने डांटते हुए कहा, छात्र छात्र होता है ये बांटने का गंदा खेल मत खेलो…
अमन चोपड़ा ने आईसीयू में घुस कर सारे प्रोटोकॉल की धज्जियां उड़ा कर एक मरीज़ के बेड से रिपोर्टिंग की. कैमरामैन को भी साथ ले रखा था. जिस मरीज़ छात्र की बुरी हालत बताई, उसी के बेड पर बैठ मुंह में माइक घुसाकर इन्टरव्यू की कोशिश की. न मुंह पर मास्क. आईसीयू में तमाम एहतियात बरतने के बाद मरीज़ के किसी रिश्तेदार को भी बहुत संक्षिप्त समय के लिए अनुमति होती है. अमन चोपड़ा ने मरीज़ के चेहरे को हाथ भी लगाया. इससे मरीज़ को इंफेक्शन हो जाता तो कौन जवाब देता? अमन चोपड़ा की इस हरकत ने अस्पताल के प्रभारी को एफ़आईआर दर्ज कराने पर मजबूर किया…
झारखंड पुलिस जब अमन चोपड़ा को पूछताछ के लिए ले जाने पहुंची तो जनाब आलीशान रेस्टोरेंट में नाश्ता कर रहे थे. नाश्ते की टेबल भरी हुई थी. कुछ सोशल मीडिया यूज़र्स ने तंज किया- कितना खाता है भाई? एक यूज़र ने नाश्ते की एक प्लेट में अंडा बताते हुए कहा- सावन में भी अंडे से गुरेज़ नहीं…
हद तो ये कि सोशल मीडिया पर कुछ कथित पत्रकार अमन चोपड़ा का समर्थन कर रहे हैं. जिन चैनलों में अमन चोपड़ा ने काम किया, उन्हें इसके ज़हरीले बोलों की वजह से टीवी समाचार प्रचारकों की निजी स्व-नियामक संस्था न्यूज़ ब्रॉडकास्टिंग एंड डिजिटल स्टैंडर्ड्स अथॉरिटी (NBDSA) की ओर से कई बार जुर्माने का भी सामना करना पड़ा है…
न्यूज़ 18 में रहते एंकर अमन चोपड़ा के पांच प्रसारणों के खिलाफ शिकायत दर्ज की गई थी. इनमें से तीन पर NBDSA ने जुर्माना लगाया, वहीं दो पर जुर्माना तो नहीं लगा, लेकिन चैनल को चेतावनी देते हुए शो से जुड़े सभी वीडियो को हटाने का निर्देश दिया गया…
एंकर अमन चोपड़ा की मेजबानी वाले ‘देश नहीं झुकने दूंगा’ कार्यक्रम के पांच एपिसोड को लेकर NBDSA में शिकायत की गई थी…
गुजरात के खेड़ा में गरबा कार्यक्रम में पत्थर फेंकने के आरोप में गुजरात पुलिस द्वारा कुछ युवकों की पिटाई दिखाता हुआ एक वीडियो अक्टूबर महीने में वायरल हुआ था. इस वीडियो पर न्यूज़18 के एंकर अमन चोपड़ा ने ‘देश नहीं झुकने दूंगा’ शो किया.इस शो में एंकर ने खंभे से बांधकर पीटे जा रहे युवकों को लेकर कहा कि गुजरात पुलिस इनके साथ गरबा खेल रही है. कार्यक्रम में मुस्लिम युवकों के गरबा कार्यक्रम में जाने पर ही सवाल खड़ा कर दिया गया, और एंकर ने शो में सांप्रदायिक रंग दिया.इस शो के खिलाफ इंद्रजीत घोरपडे और सिटीजन फॉर जस्टिस एंड पीस (सीजेपी), दोनों ने अक्टूबर 2022 में NBDSA में शिकायत दर्ज की..
NBDSA ने इस मामले में सुनवाई करते हुए चैनल पर 25 हजार का जुर्माना लगाया है. साथ ही सभी प्लेटफॉर्म्स से वीडियो को हटाने का निर्देश भी दिया…
न्यूज़18 पर प्रसारित दूसरा कार्यक्रम योगी आदित्यनाथ के ’80 बनाम 20′ वाले बयान से संबंधित था. इस कार्यक्रम में कहा गया कि हिन्दुओं के खिलाफ उत्तर प्रदेश में महागठबंधन तैयार हो गया है और जब योगी आदित्यनाथ ने 80 बनाम 20 की बात की, तो वो सही था. इस प्रसारण के दौरान एंकर ने निष्पक्षता की दहलीज पार कर दी थी. उपरोक्त उल्लंघनों को देखते हुए NBDSA ने चेतावनी जारी करने का निर्णय लिया और प्रसारक को भविष्य में और ज़्यादा सावधानी बरतने के लिए कहा, साथ ही 50,000 रुपये का जुर्माना लगाने का फैसला किया. NBDSA ने पाया कि न्यूज़18 इंडिया पर दिनांक 18 जनवरी 2022 को प्रसारित “देश नहीं झुकने देंगे – हिंदुओं के खिलाफ” शीर्षक वाले कार्यक्रम ने आचार संहिता का उल्लंघन किया था….
तीसरा शो ‘देश नहीं झुकने देंगें’ 5 अगस्त 2022 को शाम 7:57 बजे ‘गज़वा-ए-हिंद’ शीर्षक से प्रसारित हुआ. इसमें भी संस्थान ने पाया कि ये कार्यक्रम एक पूरे समुदाय को बदनाम करने पर ज़ोर दे रहा था, जिसका स्लोगन था ‘बॉर्डर पे भाई जान, खतरनाक है प्लान.’ उपरोक्त कार्यक्रमों की मंशा को ध्यान में रखते हुए NBDSA ने ब्रॉडकास्टर पर 20,000 रुपये का जुर्माना लगाने का फैसला किया. NBDSA ने प्रसारक को उक्त वीडियो को हटाने का भी निर्देश दिया.
चौथा व पांचवा कार्यक्रम, जो 29 सितंबर 2022 और 28 सितंबर 2022 को प्रसारित हुआ था, उसमें भी एक विशेष समुदाय को निशाना बनाया गया था. इसी को देखते हुए NBDSA ने दोनों कार्यक्रमों के वीडियो को हटाने का निर्देश दिया है…
इस शख़्स का नाम माता पिता ने न जाने क्यों ‘अमन’ रखा जबकि पत्रकारिता ये बांटने और भड़काने वाली करता है…इसे तो अपने शो की शुरुआत भी प्रेम चोपड़ा स्टाइल में करनी चाहिए-
“अमन नाम है मेरा…अमन चोपड़ा”…

आगे क्या पढ़ें AI

अपनी राय रखें